जामताड़ा: देवघर को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर दक्षिणबहाल जोरिया में करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बने एप्रोच रोड और डायवर्सन पुल की निर्माण गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. पहली ही बारिश में एप्रोच रोड के नीचे से मिट्टी बहने और सड़क के अंदर से खोखला होने के बाद अब पुल की रेलिंग टूटने से सवारियों से भरा टोटो पानी में जा गिरा. हालांकि, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.


बताया जाता है कि दक्षिणबहाल की ओर से जामताड़ा आ रहा एक टोटो डायवर्सन पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान टोटो पुल की रेलिंग से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग का एक हिस्सा टूट गया और टोटो सवारियों समेत नीचे पानी में जा गिरा. संयोगवश पानी में गिरने के बावजूद किसी को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद पुल से गुजर रहे राहगीरों की नजर पानी में गिरे टोटो पर पड़ी. देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद टोटो को धक्का देकर पानी से बाहर निकाला.
रेलिंग के सुरक्षा पिलर भी टूटने लगे
हादसे के बाद पुल की स्थिति को लेकर और गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. पुल की रेलिंग के कई सुरक्षा पिलर टूटने और उखड़ने लगे हैं. एक पिलर तो पूरी तरह अपनी जगह से उखड़कर नीचे लटक गया है. ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण को अभी कुछ ही महीने हुए हैं और इतनी कम अवधि में पुल की रेलिंग व सुरक्षा संरचना का इस तरह क्षतिग्रस्त होना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
बारिश में पहले ही खोखली हो चुकी है सड़क
गौरतलब है कि हाल में हुई तेज बारिश के दौरान एप्रोच रोड के नीचे की मिट्टी बह गयी थी। इससे सड़क का एक हिस्सा अंदर से खोखला हो गया है और उसके कभी भी धंसने का खतरा बना हुआ है. ऐसे में पुल की रेलिंग टूटने की घटना ने राहगीरों की चिंता और बढ़ा दी है.
ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग की
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पुल और एप्रोच रोड का तत्काल स्थल निरीक्षण कराने, निर्माण की गुणवत्ता की जांच करने और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गयी तो आने वाले दिनों में यहां बड़ा हादसा हो सकता है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

