
जामताड़ा: जिले के बरजोड़ा पंचायत के बोदमा स्थित पोल फैक्ट्री के सामने हाल ही में बनी नई पुलिया को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की तुलना में पुलिया को काफी संकरा बनाया गया है, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.


गुरु हड़ाम रेणु मुर्मू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुलिया स्थल पर पहुंचकर फीते से सड़क और पुलिया की चौड़ाई की माप की. ग्रामीणों के अनुसार सड़क की चौड़ाई करीब 8 फीट, जबकि पुलिया की चौड़ाई केवल 6 फीट 5 इंच पाई गई. इसे लेकर लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर सवाल उठाए.
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग बरजोड़ा पंचायत को राष्ट्रीय राजमार्ग-419 से जोड़ने वाला सबसे छोटा और महत्वपूर्ण रास्ता है. इस सड़क से लोगों की करीब 6 किलोमीटर की दूरी बचती है, लेकिन संकरी पुलिया के कारण चारपहिया वाहनों के लिए हर समय हादसे का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों के मुताबिक कई वाहन पहले भी पुलिया से नीचे उतर चुके हैं.
लोगों ने जिला प्रशासन से पुलिया का सड़क के अनुरूप चौड़ीकरण कराने, निर्माण कार्य की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





