
जामताड़ा: थाना क्षेत्र के अजय नदी स्थित कटंकी श्मशान घाट के समीप अवैध बालू खनन के खिलाफ खनन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. कार्रवाई के बाद ट्रैक्टर चालक और मालिक मौके से फरार हो गए.


जानकारी के अनुसार, माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के प्रतिबंध के बावजूद अजय नदी से अवैध रूप से बालू का उठाव और लोडिंग की जा रही है. सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने कटंकी श्मशान घाट के समीप छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान ट्रैक्टर चालक और मालिक वाहन छोड़कर फरार हो गए. इसके बाद विभागीय टीम ने बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जामताड़ा थाना के हवाले कर दिया.
खनन विभाग के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. विभाग का कहना है कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. लगातार हो रही छापेमारी से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






