खरसावां: प्रखंड के तिलाईडीह पंचायत अंतर्गत बड़ाकुड़मा गांव में मां तारणी पूजा के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के तहत बुधवार को विधि- विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ चंडी पाठ का आयोजन किया गया. इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा. श्रद्धालुओं के “जय मां तारणी” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा.



मां तारणी पूजा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना से हुई. इसके बाद विद्वान आचार्यों ने चंडी पाठ का आयोजन किया. बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मां तारणी की आराधना में शामिल हुए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की.

चंडी पाठ के दौरान भजन-कीर्तन और देवी स्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की. वहीं अनेक श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए विशेष पूजा भी की.
आयोजन समिति के वसंत मिश्रा ने बताया कि मां तारणी पूजा क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपरा का हिस्सा है. प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ इस आयोजन में चंडी पाठ, भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. उन्होंने कहा कि मां तारणी के प्रति लोगों की गहरी आस्था है, जिसके कारण दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं.

धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. आयोजन समिति एवं ग्रामीणों ने मिलकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
इस अवसर पर मुख्य रूप से वसंत मिश्रा, भरत मिश्रा, चक्रधर मिश्रा, शिवचरण दास, परशुराम प्रधान, धनीराम मिश्रा, बाल्मीक प्रधान, लव किशोर प्रधान एवं सरोज प्रमाणिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.





