जमशेदपुर: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साकची स्थित बंगाल क्लब में कोलकाता की महिला संचालित संस्था ‘एनिग्मा’ की चार दिवसीय प्री-पूजा प्रदर्शनी शनिवार से शुरू हुई. प्रदर्शनी 8 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक चलेगी.


प्रदर्शनी का उद्घाटन समाजसेवी पूर्वी घोष ने फीता काटकर किया. उन्होंने महिला उद्यमियों को मंच उपलब्ध कराने की एनिग्मा की पहल की सराहना करते हुए जमशेदपुर की महिलाओं और शहरवासियों से प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की.

संस्था की प्रमुख एलिट्रा सिन्हा मुखर्जी ने बताया कि जमशेदपुर में एनिग्मा की प्रदर्शनी का यह 16वां आयोजन है. बंगाल क्लब के प्रथम तल पर आयोजित प्रदर्शनी में 30 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में कोलकाता की महिला उद्यमी अपने उत्पाद लेकर पहुंची हैं. संस्था का उद्देश्य महिलाओं को उनके हुनर और व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है.
प्रदर्शनी में साड़ी, कुर्ती, आभूषण, पुरुषों के परिधान, हस्तशिल्प और घरेलू उत्पादों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है. कई उत्पाद कोलकाता के कारीगरों द्वारा तैयार किए गए हैं. खरीदारी के लिए विशेष छूट और ऑफर भी रखे गए हैं.
आयोजकों के अनुसार यह प्रदर्शनी केवल खरीदारी का मंच नहीं, बल्कि महिला उद्यमिता और कारीगरों के हुनर को बढ़ावा देने का भी प्रयास है.

