जामताड़ा: शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को जामताड़ा जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए. राजकीय प्लस-2 बुनियादी विद्यालय मेझिया और जेबीसी प्लस-2 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय सहित विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण और अन्य गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की.


राजकीय प्लस-2 बुनियादी विद्यालय मेझिया में प्रधानाध्यापक राजीव कुमार ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं.

उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और निरंतर सीखने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति को ज्ञान के साथ समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक भी बनाती है.
इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शिक्षकों को पुष्प एवं शुभकामनाएं देकर सम्मानित किया. जिलेभर के विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षा के महत्व और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का संदेश दिया गया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

