जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत करनडीह लाईन टोला में बीती रात हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है.


35 वर्षीय कनवाई चालक मोहन सोरेन की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसके बाद सुबह उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया.
सूचना पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के संदेह में राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है.

आरोप है कि अवैध संबंध के शक में राजू ने अपनी पत्नी के साथ विवाद के बाद गुस्से में आकर मोहन सोरेन पर स्टील की डेगची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जाता है कि मृतक मोहन का राजू के घर आना-जाना था और वह उसकी पत्नी को मामी कहकर संबोधित करता था, लेकिन इसी संबंध को लेकर राजू के मन में लंबे समय से शक गहराता जा रहा था.
घटना वाली रात भी मोहन के घर आने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि स्थिति हिंसा में बदल गई.

पत्नी ने बताया कि मारपीट के बाद उसे बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया गया और वह रात दूसरे स्थान पर गुजारने को मजबूर हुई. सुबह जब लोग उठे तो मोहन सोरेन का शव पड़ा मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और घटना की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.

