जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में मंगलवार की रात घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जब रिश्तों की गर्माहट अचानक हिंसा में बदल गई.


आरोप है कि होटल संचालक बापी मंडल ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी गीता मंडल (40) के सिर पर खलबट्टे से जोरदार वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से गिर पड़ीं.
घटना के बाद घर में अफरा- तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की सूचना पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल गीता को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सन्नाटा और सनसनी दोनों फैल गई.
इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति बापी मंडल को हिरासत में ले लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपति की यह दूसरी शादी थी और दोनों के पुराने संबंधों से जुड़े विवाद भी तनाव की बड़ी वजह बनते रहे हैं.
बताया जा रहा है कि पत्नी की किसी युवक से फोन पर बातचीत को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो मंगलवार रात एक बार फिर भड़क उठा और यह दर्दनाक घटना हो गई.
पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है.
Edited By Sarita Mahato

