पाकुड़: जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया. बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए.


हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई और चीख- पुकार के बीच स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए. जानकारी के अनुसार बारात गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी से लौट रही थी, तभी अमरापाड़ा के सिंगरसी मालीपाड़ा गांव के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
मृतकों की पहचान आलेन मुर्मू और राजेश टुडू के रूप में की गई है, जो परियारदहा, महेशपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है.
Edited By Sarita Mahato

