चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत शशिकला गांव की 50 वर्षीय महिला जानकी नायक बुधवार से लापता है. परिजनों के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह बिना बताए घर से निकल गई थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है.

जानकारी के मुताबिक खोजबीन के दौरान यह पता चला कि महिला कोचापुर गांव पहुंची थी, जहां कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर समझकर मारपीट की. परिजनों ने महिला के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कोचापुर गांव के छह लोगों को थाना लाकर पूछताछ की है. साथ ही पुलिस द्वारा आसपास के इलाके और जंगलों में भी सघन सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
वहीं, सोनुआ थाना प्रभारी शशीबाला भेंगरा ने आम लोगों से अपील की है कि यदि महिला के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में बच्चा चोर जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी अज्ञात या मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को देखने पर कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें.

