जामताड़ा/ Manish Baranwal शहर से गुम हुई 10 वर्षीय मासूम बच्ची चंदा मुंडा को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है. यह मामला न्यू पांडेडीह मोहल्ले का है, जहां से बच्ची गुरुवार देर शाम अचानक लापता हो गई थी.

पुलिस सूत्रों के अनुसार जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत दक्षिण बहाल टिकाडीह से बच्ची की बरामदगी हुई है. बताया जा रहा है कि देर शाम बच्ची रास्ते में भटक रही थी, तभी वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी और वे उसे अपने साथ गांव ले गए.
शुक्रवार सुबह जब बच्ची के गुम होने की खबर फैली, तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना जामताड़ा पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया.
जानकारी के मुताबिक, चंदा मुंडा अपनी ममेरी बहन प्रतिमा रजनी तिर्की के साथ रहती थी, जो पेशे से शिक्षिका हैं. गुरुवार को खेल के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए बच्ची पास के एक पेड़ के नीचे छिप गई थी. बारिश थमने के बाद जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद तुरंत जामताड़ा थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई. पुलिस की तत्परता और ग्रामीणों की सजगता से बच्ची सुरक्षित अपने घर लौट सकी. इस घटना के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है.

