जमशेदपुर: राम नवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने व्यापक और हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था की है. शहर में चप्पे- चप्पे पर पुलिस की तैनाती के साथ ड्रोन के जरिए हवाई निगरानी की तैयारी की गई है. इसी क्रम में पुलिस कंट्रोल रूम से सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया, जो शहर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा ले रहा है.

फ्लैग मार्च से पूर्व सिटी एसपी ने जवानों को कर्तव्य के प्रति सजग रहने का निर्देश देते हुए कहा कि विसर्जन के बाद ही सभी अपने- अपने प्रतिनियुक्ति स्थल का निरीक्षण कर लौटेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के हर कोने पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

सुरक्षा व्यवस्था के तहत फ्लैग मार्च के साथ- साथ बाइक पेट्रोलिंग भी की जा रही है. इसके लिए छह विशेष बाइक पार्टियों का गठन किया गया है, जो डीएसपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में लगातार गश्त कर रही हैं. इसका उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना है. इस बार ड्रोन के माध्यम से जुलूस की हवाई निगरानी की जाएगी. जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है और रास्तों से पत्थर व अन्य आपत्तिजनक सामग्री हटाई जा रही है, ताकि किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो.
संवेदनशील क्षेत्रों में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की तैनाती की गई है. इसके अलावा अन्य जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है. डीआईजी स्तर की क्विक रिस्पांस टीम (QRT), झारखंड जगुआर और रैपिड एक्शन फ़ोर्स (RAF) को भी अलर्ट मोड में रखा गया है. इसके साथ ही सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को भी शहर में तैनात किया गया है, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे. पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, आम जनता से अपील की गई है कि वे पर्व को शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें.

