सरायकेला/ Pramod Singh महावीर अखाड़ा पुराना बस स्टैंड द्वारा आयोजित रामनवमी जुलूस का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने पारंपरिक अंदाज में तलवार भांजकर किया. जुलूस के शुरू होते ही पूरा इलाका जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया.

जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली.
युवाओं ने पारंपरिक हथियारों का प्रदर्शन किया, जबकि आकर्षक झांकियों और ढोल- नगाड़ों की गूंज ने आयोजन को और भव्य बना दिया. लोग पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जुलूस में शामिल हुए.

इस मौके पर मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि रामनवमी हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है. यह पर्व हमें मर्यादा, धर्म और एकता का संदेश देता है. उन्होंने लोगों से प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की.
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और युवाओं को अपनी परंपरा से जोड़ते हैं. जुलूस के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ.
अखाड़ा समिति के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों का आभार जताते हुए आयोजन की सफलता पर खुशी जाहिर की.

