चांडिल/ Vikash Thakur सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह में रामनवमी के शुभ अवसर पर शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा सह लाठी खेल का आयोजन धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया. यह आयोजन महावीर क्लब तिरुलडीह की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी संपन्न हुआ.

शोभायात्रा कोईरी टोला से प्रारंभ होकर महावीर मंदिर प्रांगण तक पहुंची, जहां अखाड़ा में पारंपरिक लाठी खेल का शानदार प्रदर्शन किया गया. इस आयोजन में तिरुलडीह के साथ- साथ कुदा गांव के खिलाड़ियों एवं पश्चिम बंगाल के सिंदरी गांव से आए प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया और अपनी कला का प्रदर्शन किया.

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बखला, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव, पंचायत मुखिया रामबालक सिंह मुंडा, पूर्व मुखिया तपन सिंह मुंडा, थाना प्रभारी कौशल कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

इसके अलावा प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, खेल समिति के अध्यक्ष दधिप्रसाद कोईरी और बिजय कोईरी सहित अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए. पूरे आयोजन में भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली. श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भागीदारी से माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण और भक्तिमय बना रहा.

