सिमडेगा: पूर्व मंत्री विमला प्रधान को रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. उपायुक्त कंचन सिंह ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने भी पुष्पचक्र अर्पित किया. इस दौरान पुलिस जवानों ने राजकीय सम्मान के तहत सलामी दी.


कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने भी पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की, सदर अंचल अधिकारी इम्तियाज अहमद, नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक रिंकू और सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
सीएम हेमंत सोरेन ने बताया राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति
इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी विमला प्रधान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया था. शनिवार को मुख्यमंत्री रांची के लोअर करमटोली स्थित उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना भी व्यक्त की.
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में विमला प्रधान के निधन को राज्य की राजनीति के लिए “अपूरणीय क्षति” बताया. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों, समर्थकों और प्रशंसकों को इस दुख को सहने की शक्ति मिलने की कामना की.
पूर्व मंत्री को अंतिम विदाई देने पहुंचे लोगों ने उनके सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन और क्षेत्र के विकास में योगदान को याद किया. लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की.

