राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत भुईयांनाचना गांव में शनिवार को मनसा पूजा के अवसर पर पारंपरिक मानभूम शैली के छऊ नृत्य का आयोजन किया गया. पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और पटमदा क्षेत्र से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से ग्रामीणों का मनोरंजन किया.


कार्यक्रम में झामुमो नेता एवं शिक्षाविद प्रो. कालीपद सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. गांव के मकरध्वज महतो ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया. इसके बाद प्रो. सोरेन ने फीता काटकर छऊ नृत्य कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
इस मौके पर प्रो. सोरेन ने कहा कि वे करीब वर्ष 2008 में पहली बार भुईयांनाचना आए थे. उस समय गांव में सड़क और आवागमन की स्थिति अच्छी नहीं थी. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और युवाओं की सक्रियता से समय के साथ गांव में बदलाव आया है. उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं से अवगत कराने की बात कहते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.
आयोजन में मकरध्वज महतो, दिनेश महतो, छोटू लाल महतो, धीरेन महतो, पबीर महतो, बिट्टू महतो, गगन महतो, हेमंत महतो, विकास महतो और संतोष महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

