सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के नव नामांकित गृह रक्षकों के लिए बुनियादी प्रशिक्षण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. झारखंड गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय, रांची की ओर से जारी पत्र के माध्यम से जिले के कुल 321 नव नामांकित गृह रक्षकों के प्रशिक्षण केंद्र और रिपोर्टिंग की तिथि निर्धारित कर दी गई है. सभी चयनित अभ्यर्थियों को 9 नवंबर 2026 तक अपने आवंटित प्रशिक्षण केंद्र में पहुंचकर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा.


जारी निर्देश के अनुसार, जिले के कुल 321 नव नामांकित गृह रक्षकों में 140 महिला और 181 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं. महिला अभ्यर्थियों के लिए केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, धुर्वा, रांची को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है. वहीं, पुरुष अभ्यर्थियों को क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, पलामू में बुनियादी प्रशिक्षण दिया जाएगा.
10 नवंबर से शुरू होगा प्रशिक्षण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों को 9 नवंबर 2026 के अपराह्न तक अपने आवंटित प्रशिक्षण केंद्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर आगमन प्रतिवेदन दर्ज कराना होगा. इसके बाद 10 नवंबर 2026 से बुनियादी प्रशिक्षण की शुरुआत की जाएगी. निर्धारित समय पर रिपोर्ट नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को विभागीय निर्देशों के अनुसार परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
जरूरी दस्तावेज और सामग्री साथ लाने का निर्देश
प्रशिक्षण में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ आधार कार्ड की छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो तथा मेस और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए पर्याप्त राशि लेकर आने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भी साथ रखने को कहा गया है, ताकि प्रशिक्षण अवधि के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो.
प्रशिक्षण केंद्र पर होगा भौतिक सत्यापन
प्रशिक्षण केंद्र में पहुंचने के बाद सभी अभ्यर्थियों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा. इस दौरान अभ्यर्थियों के नाम, पहचान, आधार संख्या और जन्मतिथि सहित अन्य आवश्यक विवरणों का मिलान किया जाएगा. इसका उद्देश्य चयनित अभ्यर्थियों की वास्तविक पहचान सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार के प्रतिरूपण या फर्जीवाड़े की आशंका को रोकना है.
जिला प्रशासन की ओर से सभी नव नामांकित गृह रक्षकों से निर्धारित तिथि और समय पर अपने आवंटित प्रशिक्षण केंद्र में पहुंचकर प्रशिक्षण प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की गई है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

