चांडिल:सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर भालुककोचा के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए. हादसे में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया है.


मिली जानकारी के अनुसार, महादेव महतो और प्रयागराज महतो मोटरसाइकिल से चांडिल साप्ताहिक हाट बाजार से खरीदारी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान भालुककोचा के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य में जुट गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.
एक युवक की हालत गंभीर
बताया जाता है कि घायल महादेव महतो चांडिल के रावताड़ा निवासी हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रयागराज महतो मूल रूप से धनबाद के रहने वाले हैं. वह इन दिनों रावताड़ा स्थित अपने बुआ के घर आए हुए थे. दुर्घटना में प्रयागराज महतो को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने और नियमित निगरानी की आवश्यकता जताई है.

