चांडिल/ईचागढ़: कुकड़ू प्रखंड के छोटा लापांग निवासी स्वर्गीय मनोरंजन महतो के निधन पर ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने गहरा शोक व्यक्त किया है. गुरुवार को विधायक सविता महतो उनके त्रयोदशाह कर्म में शामिल हुईं और दिवंगत मनोरंजन महतो को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की.


इस दौरान विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि मनोरंजन महतो का असमय निधन बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है. उनके निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है. उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी.
विधायक ने मौके पर मौजूद कुकड़ू के अंचलाधिकारी अभय द्विवेदी एवं तिरुलडीह थाना प्रभारी विपुल ओझा को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि मामले में न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित सभी जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं, ताकि सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि शोकाकुल परिवार को शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके.
उन्होंने अधिकारियों से पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में त्वरित पहल करने को कहा. साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करने की कामना की.
इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य राजीव (काबलू) महतो, इंद्रजीत महतो, प्रखंड सचिव युधिष्ठिर माझी, सूर्यकांत महतो, शिक्षक गुणाधर महतो, अमर महतो, संजीव सरदार, सालबो सिंह सरदार, प्रकाश महतो, जगन्नाथ महतो, अजय सिंह मानकी, धीरज महतो, गोपाल गोप समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे.

