गिरिडीह: जिले के धनवार बाजार में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई बैंक डकैती ने सनसनी फैला दी. पांच हथियारबंद अपराधियों ने चमड़ा गोदाम स्थित UCO बैंक में घुसकर कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर कब्जे में लिया और करीब चार करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात तथा लगभग 12 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए. पूरी वारदात करीब 20 मिनट तक चली.


बैंक प्रबंधक के मुताबिक दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी बैंक में दाखिल हुए. अंदर पहुंचते ही अपराधियों ने कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को धमकाकर एक जगह रोक दिया. इस दौरान एक अपराधी ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक तान दी, जबकि उसके अन्य साथी पूरे बैंक को अपने नियंत्रण में लिए रहे.
इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर को निशाना बनाया. वहां रखे सोने के जेवरात और नकदी समेटने के बाद सभी अपराधी बैंक से निकलकर फरार हो गए.
20 मिनट तक बैंक के अंदर रहे अपराधी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपराधियों ने करीब 20 मिनट तक बैंक के अंदर पूरी वारदात को अंजाम दिया. दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले धनवार बाजार में इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर अपराधियों के निकल जाने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के लिए अब बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं. अपराधियों के बैंक तक पहुंचने और वारदात के बाद भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
लूट की रकम का अंतिम आकलन बाकी
प्रारंभिक तौर पर करीब चार करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद लूटे जाने की बात सामने आई है. हालांकि बैंक रिकॉर्ड और लॉकर से संबंधित विवरण के मिलान के बाद ही लूटी गई संपत्ति का अंतिम आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा.
घटना के बाद पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है. इतनी बड़ी बैंक डकैती में स्थानीय स्तर पर रेकी किए जाने अथवा अपराधियों को बैंक की गतिविधियों की पूर्व जानकारी होने की संभावना सहित विभिन्न पहलुओं की भी जांच महत्वपूर्ण होगी.

