जामताड़ा: ईस्टर्न रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत पानागढ़ स्टेशन पर होने वाले प्री नॉन-इंटरलॉकिंग (Pre-NI) एवं नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के कारण 24 मई से 27 मई तक नई दिल्ली- हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. इस दौरान कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट कर चलाया जाएगा. इससे खासकर झाझा, जामताड़ा, आसनसोल और बर्द्धमान सेक्शन के यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.


रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार पानागढ़ स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और अधोसंरचना विकास कार्य को लेकर अलग- अलग दिनों में ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा.
अलग-अलग दिनों में रहेगा ब्लॉक
24 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक डाउन लूप, अप लूप-III और गुड्स शेड लाइन पर ब्लॉक रहेगा.
25 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक डाउन मेन-II, डाउन लूप-I एवं II तथा अप लूप-I एवं III लाइन प्रभावित रहेंगी.
26 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक डाउन लूप-I, II और III पर ब्लॉक लिया जाएगा.
27 मई को सुबह 9:15 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक NI ब्लॉक रहेगा. इसके बाद दोपहर 1:15 बजे से शाम 3:15 बजे तक पूर्ण ब्लॉक और शाम 3:15 बजे से 5:15 बजे तक अप मेन-II एवं डाउन मेन-II लाइन पर ब्लॉक रहेगा.
कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द
रेलवे ने 24 से 27 मई के बीच आसनसोल- बर्द्धमान और बर्द्धमान- आसनसोल के बीच चलने वाली कई मेमू पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है. इनमें ट्रेन संख्या 63518, 63522, 63513 और 63515 समेत कई ट्रेनें शामिल हैं.
इसके अलावा 27 मई को 22321 हावड़ा- सिउड़ी एक्सप्रेस और 22322 सिउड़ी- हावड़ा एक्सप्रेस भी रद्द रहेंगी.
कुछ ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट
जामताड़ा होकर गुजरने वाली 63509 बर्द्धमान- झाझा मेमू पैसेंजर 24, 25 और 26 मई को आसनसोल से ही चलेगी. वहीं 63510 झाझा- बर्द्धमान मेमू पैसेंजर आसनसोल में ही समाप्त होगी.
इसी प्रकार 27 मई को 63519 बर्द्धमान- बोकारो स्टील सिटी मेमू पैसेंजर आसनसोल से चलेगी, जबकि 63520 बोकारो स्टील सिटी- बर्द्धमान मेमू पैसेंजर आसनसोल तक ही संचालित होगी.
लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग में बदलाव
27 मई को 13037 हावड़ा- देहरादून एक्सप्रेस, 13151 कोलकाता- जम्मू तवी एक्सप्रेस और 11448 हावड़ा- जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव किया गया है.
इसके अलावा 26 मई को 12382 नई दिल्ली- हावड़ा एक्सप्रेस और 09709 खातीपुरा- हावड़ा स्पेशल तथा 25 मई को 04624 अमृतसर–कोलकाता स्पेशल के मार्ग को भी परिवर्तित किया गया है.
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा से अवश्य प्राप्त कर लें. पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए यात्रियों से सहयोग की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

