
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और विधि- व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया. वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की.


अभियान के दौरान कार, मोटरसाइकिल, स्कूटी, ऑटो समेत अन्य वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई. पुलिस ने वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक कागजात की जांच की. साथ ही वाहनों की डिक्की, बैग और संदिग्ध सामान की तलाशी भी ली गई. पुलिस ने कई वाहन चालकों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी.
इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को रोककर सख्त चेतावनी दी गई. पुलिस ने लोगों से सुरक्षित वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सभी वैध दस्तावेज साथ रखने की अपील की.
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि यह अभियान चोरी, लूट, छिनतई, अवैध हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गश्ती और वाहन जांच अभियान जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल कपाली ओपी या डायल 112 पर दें. पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है.
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के बीच हड़कंप का माहौल देखा गया. वहीं स्थानीय लोगों ने नियमित चेकिंग अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





