जमशेदपुर/ Varun Kumar टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के उपचुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया है. इआरसी की एक सीट पर हुए चुनाव में सुनील प्रसाद ने 56 वोट हासिल कर जीत दर्ज की. उनके निकटतम प्रतिद्वंदी समरेश कुमार को 44 मत मिले, जबकि विश्वनाथ घोष 33 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे. कुल 133 मत डाले गए थे.

इसके अलावा यूनियन में दो पदाधिकारियों का भी चयन किया गया. उपाध्यक्ष के पद पर विनोद उपाध्याय और सहायक सचिव के पद पर संजीव रंजन को मनोनीत किया गया.
गौरतलब है कि एक्सल डिवीजन की दो सीटों पर पहले ही उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे. इनमें क्षेत्र संख्या 4 से रविंद्र कुमार और क्षेत्र संख्या 5 से विजय कुमार सिंह शामिल हैं, जबकि इआरसी के क्षेत्र संख्या 49 से सुनील कुमार प्रसाद निर्वाचित हुए.
शुक्रवार को मतदान संपन्न होने के बाद शाम साढ़े चार बजे से मतगणना शुरू हुई, जिसके बाद परिणाम घोषित किया गया. पूरा चुनाव प्रक्रिया चुनाव पदाधिकारी चिदानंद खंडई और चुनाव पर्यवेक्षक ई. सतीश कुमार की देखरेख में संपन्न हुई.
परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद यूनियन की कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में महामंत्री आरके सिंह, सलाहकार प्रवीण सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल शर्मा समेत कई पदाधिकारी और कमेटी सदस्य मौजूद रहे.
बैठक के दौरान महामंत्री आरके सिंह के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से विनोद कुमार उपाध्याय को उपाध्यक्ष और संजीव रंजन को सहायक सचिव के पद पर मनोनीत किया गया. अंत में नव निर्वाचित प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों का स्वागत किया गया.

