दर्शन के लिए पंडाल में गई थी बच्ची, मौका पाकर साइकिल लेकर फरार हुआ युवक


जामताड़ा: मंगलवार को जामताड़ा के गांधी मैदान स्थित गणेश मेला परिसर में गणेश प्रतिमा के दर्शन करने पहुंची एक बच्ची की साइकिल चोरी हो गई. बच्ची ने साइकिल को ताला लगाकर पंडाल के बाहर खड़ा किया था और दर्शन के लिए अंदर गई थी. इसी दौरान मौका पाकर एक युवक साइकिल लेकर फरार हो गया. चोरी की पूरी वारदात पंडाल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना के बाद बच्ची का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
जानकारी के अनुसार दक्षिणबहाल निवासी बच्ची मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे साइकिल से गणेश मेला परिसर पहुंची थी. उसने साइकिल में ताला लगाया और पंडाल के बाहर खड़ा कर गणेश प्रतिमा के दर्शन के लिए अंदर चली गई. इसी दौरान वहां पहले से नजर रख रहा संदिग्ध युवक सक्रिय हो गया. सीसीटीवी फुटेज में युवक को काफी देर तक आसपास घूमते और मौका तलाशते देखा गया. जैसे ही बच्ची पंडाल के अंदर गई, युवक ने साइकिल के पीछे का पहिया हवा में उठाते हुए साइकिल लेकर आराम से निकल गया.
CCTV में कैद संदिग्ध की हरकत
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक नीले रंग की टी-शर्ट पहने और सिर पर लाल रंग का गमछा बांधे नजर आ रहा है. फुटेज में वह काफी देर तक साइकिल के आसपास मौजूद दिखाई देता है. इसके बाद मौका मिलते ही साइकिल लेकर मेला परिसर से निकल जाता है. घटना की फुटेज सामने आने के बाद समिति के सदस्यों ने संदिग्ध की पहचान और उसके खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद जताई है.
पूर्णाहुति कार्यक्रम में व्यस्त थे समिति के सदस्य
बताया गया कि जिस समय साइकिल चोरी हुई, उस समय गणेश पूजा समिति के अधिकांश सदस्य यज्ञस्थल पर आयोजित पूर्णाहुति कार्यक्रम में शामिल थे. समिति के सदस्यों की व्यस्तता का फायदा उठाकर युवक ने वारदात को अंजाम दिया. दर्शन के बाद जब बच्ची पंडाल से बाहर निकली तो साइकिल गायब मिली . साइकिल नहीं मिलने पर वह परेशान होकर रोने लगी. इसके बाद परिजनों और पूजा समिति के सदस्यों को घटना की जानकारी दी गई.
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
साइकिल चोरी की घटना के बाद गणेश मेला परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. हजारों की भीड़ वाले मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनके सामान की सुरक्षा भी चुनौती बनी हुई है. हालांकि पंडाल में लगे सीसीटीवी कैमरे के कारण चोरी की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई. समिति के सदस्यों ने फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है.

