जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत बारमेसिया मोड़ पर दो बैलों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है. बताया जाता है कि बीती रात किसी अज्ञात वाहन से दो बैलों को वहां फेंक दिया गया। इस घटना में एक बैल की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद बेजुबान पशुओं के साथ हुए इस व्यवहार को लेकर चिंता जताई जा रही है.


मामले को लेकर भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि बेजुबान पशुओं के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुखद और चिंताजनक है. प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करनी चाहिए. साथ ही घायल बैल के समुचित इलाज और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए.
गो तस्करी पर रोक लगाने की मांग
भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाला क्षेत्र में कथित गो तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की. उन्होंने कहा कि नाला क्षेत्र को आदर्श क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, लेकिन वर्तमान स्थिति पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है. उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और गो तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है.
थाना घेराव और आंदोलन की चेतावनी
माधव चंद्र महतो ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नाला क्षेत्र में गो तस्करी पर रोक नहीं लगी, तो भाजपा थाना का घेराव करेगी और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
मृत बैल को दफनाया, जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन की ओर से मृत बैल को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया. वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बैलों को किस परिस्थिति में वहां लाया गया और इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

