चांडिल: प्रखंड क्षेत्र के चिलगु भुईयांडीह स्थित झामुमो कार्यालय में मंगलवार को झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री एवं झामुमो के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. ईचागढ़ विधायक सविता महतो समेत पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. इसके बाद उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई.


विधायक सविता महतो ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार के साथ पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है. जनसेवा के प्रति उनका संघर्ष, समर्पण और योगदान सदैव कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहेगा. उन्होंने कहा कि पार्टी के एक प्रखर और वरिष्ठ नेता के रूप में सुदिव्य कुमार सोनू ने संगठन को मजबूत करने के साथ जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया. उनका व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा.

श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मामा एवं झामुमो केंद्रीय सदस्य चारू चांद किस्कू, केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, दिलीप महतो, अरुण टुडू, धर्मु गोप, कृष्णा किशोर महतो, दिलीप किस्कू, नितेश वर्मा, समर भुईयां, अर्जुन सिंह मुंडा, शंकर लायेक समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने दिवंगत मंत्री के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

