सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के बड़ादावना गांव में एक 23 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान कुमारेष कुमार दास के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात वह अपने पिता सुभाष चंद्र दास के साथ सामान्य रूप से खाना खाकर सोने चला गया था. शनिवार सुबह जब वह देर तक नहीं उठा तो परिजनों को संदेह हुआ. परिजन जब उसे देखने कमरे में पहुंचे तो वह लकड़ी की धरनी से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला.
घटना की सूचना शनिवार शाम करीब 5 बजे पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. सुभाष चंद्र दास ने बताया कि शुक्रवार रात वह परिवार के साथ सामान्य रूप से खाना खाकर सोया था, लेकिन सुबह उठने पर यह घटना सामने आई.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

