जामताड़ा/ Manish Barnwal जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तारासठिया गांव में शुक्रवार शाम उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब साइबर अपराधियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के उग्र विरोध का सामना करना पड़ा.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामताड़ा साइबर थाना की एक विशेष टीम सब-इंस्पेक्टर हीरालाल महतो के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर गांव पहुंची थी. पुलिस एक संदिग्ध साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई कर रही थी.
इसी दौरान मुस्ताक अंसारी के नेतृत्व में करीब 50 से 60 महिला-पुरुषों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगी. देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और जमकर हंगामा शुरू कर दिया.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ का आक्रोश बढ़ता गया और मौके पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया. हालात बिगड़ते देख पुलिस टीम को सुरक्षा कारणों से बिना किसी गिरफ्तारी के ही वापस लौटना पड़ा.
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसआई हीरालाल महतो ने नारायणपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. इस मामले में थाना कांड संख्या 33/2026 के तहत मुस्ताक अंसारी को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189(2) और 122 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

