सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के नरोडीह गांव में गुरुवार रात करीब 9 बजे एक बड़ा हादसा टल गया. जहां तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक बिजली का खंभा तोड़ते हुए सीधे एक घर में जा घुसा. जिसके बाद अफरा- तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को तोड़ते हुए घर में घुस गया. घटना के समय घर के सदस्य बाहर खटिया पर सो रहे थे. जैसे ही ट्रक उनकी ओर बढ़ा, खटिया पर सोए दो लोग किसी तरह उठकर भागे और अपनी जान बचा ली. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सरायकेला थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण करने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है.

