चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में चापड़ से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. बड़गाछ के समीप हुई इस वारदात में दानिश नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार दानिश पर अचानक धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत टीएनबी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार युवक को गहरे जख्म आए हैं और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रेहान नामक युवक द्वारा चापड़ से हमला किए जाने की बात सामने आ रही है. हालांकि हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन में जुटी हुई है और जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है.

