सरायकेला: रामनवमी के अवसर पर प्राचीन बजरंगबली अखाड़ा समिति द्वारा गुरुवार को धूमधाम से पूजा- अर्चना का आयोजन किया गया. पूरे कार्यक्रम में भक्तिमय माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.

पुजारी गोपाल होता एवं सत्यव्रत आचार्य द्वारा विधि- विधान से पूजा संपन्न कराई गई. इस दौरान झंडा स्थापना, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि- विधान के साथ कराए गए. कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, अखाड़ा समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, सचिव अमिताभ मुखर्जी, चंदन गुप्ता, विक्रम मोदक, अशोक पंडित, कृष्ण केवर्त, सौरभ अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
पूरे आयोजन के दौरान आरती के बाद “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा. इस मौके पर मनोज कुमार चौधरी ने क्षेत्रवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम से सभी के सुख- समृद्धि की कामना की. उन्होंने कहा कि भगवान राम के आदर्शों को अपनाकर जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है.
वहीं अखाड़ा समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल ने कहा कि रामनवमी का पर्व हमें सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. कार्यक्रम का सफल संचालन अखाड़ा समिति के सदस्यों द्वारा किया गया.

