सरायकेला: यातायात थाना सरायकेला- खरसावां ने लगातार दो दिनों तक सख्त अभियान चलाते हुए ट्रैफिक नियम उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की. 25 और 26 अगस्त 2025 को मिलाकर कुल 365 चालान काटे गए और 3 लाख 28 हजार 950 रुपये का जुर्माना वसूला गया.

25 अगस्त को कुल 234 चालान काटे गए थे, जिनसे 2 लाख 06 हजार 400 रुपये की वसूली हुई. इसमें 44 चालान मैनुअल और 190 चालान मशीन के माध्यम से काटे गए. वहीं, 26 अगस्त को 131 चालान काटे गए और 1 लाख 22 हजार 550 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
26 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक चालान एसआई जितेंद्र कुमार (काली मंदिर) ने काटे, जिनके खाते में 38 चालान और 27 हजार 850 रुपये की वसूली दर्ज हुई. एसआई अनिल कुमार (कांड्रा) ने 21 चालान से 15 हजार 250 रुपये की वसूली की जबकि एसआई प्रभात कुमार सिंह (नीमडीह) ने 16 चालान से 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला.
ट्रैफिक प्रभारी की ओर से बताया गया कि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस एवं बगैर तिरपाल ढंके वाहन सहित अन्य नियम उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई. बगैर तिरपाल ढंके वाहन से दो दिनों में 15950 रूपये जुर्माना वसूला गया. उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें.

