जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर युवाओं को जागरूक करने और उन्हें निर्वाचन संबंधी डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को मिहिजाम स्थित जनजातीय संध्या इंटर कॉलेज में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान #DownloadECINet अभियान के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु के छात्र-छात्राओं को ECINET ऐप डाउनलोड कराया गया. साथ ही ऐप के माध्यम से मिलने वाली निर्वाचन संबंधी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई.


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. कयूम अंसारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक योग्य नागरिक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है. मतदान का अधिकार केवल संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का सशक्त माध्यम भी है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी रखें और निर्धारित आयु पूरी होने पर समय पर अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें.
फॉर्म-6, 7 और 8 की दी गई जानकारी
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने ECINET ऐप की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से मोबाइल पर ही निर्वाचन संबंधी कई सेवाओं का लाभ उठाया जा सकता है. उन्होंने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के उद्देश्य एवं उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि फॉर्म-6 नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए, फॉर्म-7 मतदाता सूची से नाम हटाने से संबंधित आवेदन के लिए तथा फॉर्म-8 नाम, पता एवं अन्य विवरणों में सुधार और संशोधन के लिए उपयोग किया जाता है.

उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करें. युवाओं की सक्रिय भागीदारी से निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाया जा सकता है.
सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को अपने मोबाइल फोन में ECINET ऐप डाउनलोड करने और उसका उपयोग करने की प्रक्रिया समझाई गई. इसका उद्देश्य युवाओं को डिजिटल निर्वाचन सेवाओं से जोड़ना और मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को आसान बनाना था.
इस अवसर पर हेल्प डेस्क प्रबंधक मुकेश कुमार, राहुल कुमार, कॉलेज के प्राचार्य विनय प्रसाद सिन्हा, प्रो. रश्मि गुप्ता, गोपाल महतो, हरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, राजीव रंजन शर्मा, सुप्रिया जोशी एवं प्रेम पासवान सहित कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद थे. अभियान में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

