कांड्रा: थाना अंतर्गत ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह जाम के कारण दो वाहनों के बीच टक्कर हो गई. घटना में पुलिस की स्कॉर्पियो और पथ निर्माण विभाग की कार क्षतिग्रस्त हो गई. हालांकि, गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ.


मिली जानकारी के अनुसार, ओवरब्रिज पर जाम लगा हुआ था. इसी दौरान पुलिस की स्कॉर्पियो संख्या JH 05EG 1928 रोंग साइड से तेज गति से आ रही थी. वहीं, झारखंड सरकार,पथ निर्माण विभाग की ऑल्टो कार संख्या JH 01AV 9798 मेन रोड से दाहिनी ओर कटिंग के रास्ते निकलने का प्रयास कर रही थी. इसी क्रम में दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पथ निर्माण विभाग की कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पुलिस स्कॉर्पियो के बाईं ओर भी नुकसान पहुंचा. घटना के बाद दोनों वाहनों में सवार लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए. इसके बाद स्कॉर्पियो सवार वाहन लेकर वहां से चले गए.
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. ओवरब्रिज पर जाम के दौरान हुई इस घटना ने एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और गलत दिशा से वाहनों के परिचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

