सरायकेला: गम्हरिया थाना प्रकरण के बाद जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एसपी मनोज स्वर्गीयारी लगातार सक्रिय हैं. बुधवार देर रात एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला की मौजूदगी में आदित्यपुर, आरआईटी और गम्हरिया थाने का औचक निरीक्षण किया. देर रात अचानक एसपी के थानों में पहुंचने से पुलिसकर्मियों में सतर्कता बढ़ गई.


निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों के अभिलेखों के साथ थाना परिसर की स्थिति की जांच की. उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस, OD पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश
गम्हरिया प्रकरण को देखते हुए निरीक्षण के दौरान महिला सुरक्षा और महिलाओं से जुड़े मामलों पर विशेष जोर रहा. एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को महिलाओं के अधिकारों और उनसे संबंधित शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश दिया.
विशेष रूप से OD पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि थाने पहुंचने वाली महिलाओं अथवा महिला संबंधी मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सूचना अथवा शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. एसपी ने थानों के निरीक्षण तक खुद को सीमित नहीं रखा. उन्होंने क्षेत्र में चल रही पुलिस गश्ती व्यवस्था को भी चेक किया और आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.
इधर थानों की व्यवस्था पर नजर, उधर SIT की जांच का बढ़ रहा दायरा
एसपी का यह औचक निरीक्षण ऐसे समय हुआ है जब गम्हरिया थाना प्रकरण की जांच के लिए गठित SIT लगातार मामले की परतें खंगाल रही है और जांच का दायरा बढ़ रहा है. ऐसे में एसपी की देर रात थानों और गश्ती की जांच को पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही और महिला सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है. एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने स्पष्ट किया है कि जांच और पुलिसिंग व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोताही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारी अथवा कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा. गम्हरिया प्रकरण के बाद हुई कार्रवाई और अब देर रात थानों के औचक निरीक्षण से यह संकेत साफ है कि जिला पुलिस मुख्यालय महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में थाना स्तर की जवाबदेही पर विशेष निगरानी रख रहा है.

