जामताड़ा: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी APK फाइल और कैशबैक का लालच देकर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे.


गुरुवार को साइबर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि जिले में साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोआरा गांव निवासी बबलू अंसारी के घर सहित करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ गांव में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.
फर्जी APK फाइल भेजकर मोबाइल की जानकारी करते थे हासिल
पुलिस की जांच में साइबर ठगी का तरीका सामने आया है. आरोपी लोगों को फोन कर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने का झांसा देते थे. इसके बाद उनके मोबाइल पर फर्जी APK फाइल भेजकर उसे इंस्टॉल करवाते थे. जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को इंस्टॉल करता था, आरोपियों को उसके मोबाइल की विभिन्न जानकारियां हासिल हो जाती थीं. इन जानकारियों का इस्तेमाल बैंकिंग और अन्य वित्तीय धोखाधड़ी में किया जाता था.
इसके अलावा आरोपी कैशबैक का लालच देकर भी लोगों को निशाना बनाते थे. लोगों को 1,999 रुपये कैशबैक मिलने का फर्जी संदेश भेजा जाता था. लालच में आकर जैसे ही कोई व्यक्ति संदेश में दिए गए निर्देशों का पालन करता था, वह साइबर ठगी का शिकार बन जाता था.
दो साइबर कांडों में प्राथमिकी दर्ज, पूर्व में भी आरोप पत्र दाखिल
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 8,13,000 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं. इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 71/26 एवं 72/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पप्पू मंडल के विरुद्ध साइबर थाना कांड संख्या 33/25 तथा प्रकाश कुमार मंडल के विरुद्ध कांड संख्या 09/25 में पूर्व में भी आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है.
साइबर अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
एसपी शंभू कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति है. साइबर ठगी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पु.नि. अनिल अभिषेक, पु.नि. अमित कुमार, पु.अ.नि. कुन्दन कुमार वर्मा, पु.अ.नि. हीरालाल महतो सहित साइबर थाना के रिजर्व गार्ड के जवानों की अहम भूमिका रही.
पुलिस ने आम लोगों से की सतर्क रहने की अपील
जामताड़ा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अनजान स्रोत से प्राप्त APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करें. कैशबैक, क्रेडिट कार्ड या बैंकिंग समस्या के नाम पर आने वाले फोन कॉल और संदेशों से सावधान रहें. किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करें. संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

