सरायकेला: सरायकेला में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने सरायकेला थाना के सामने खड़े टाटा मैजिक वाहन की बैटरी चोरी करने के साथ-साथ मानिकू बाजार और राजबांध स्थित महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है. आरोपियों के पास से चोरी की बैटरी, एक स्कूटी, दो मोबाइल फोन, ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार और 2,570 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. इस कार्रवाई में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार की त्वरित पहल और पुलिस टीम की सक्रियता अहम रही.


मंगलवार को सरायकेला थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती के दौरान करीब 12:35 बजे कोर्ट मोड़ के समीप पुलिस की नजर दो संदिग्ध व्यक्तियों पर पड़ी. पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे. इसके बाद गश्ती दल में शामिल सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों को पकड़ लिया गया.
पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, दोनों ने थाना के सामने खड़े टाटा मैजिक वाहन की बैटरी चोरी करने की बात स्वीकार की. इसके अलावा मानिकू बाजार और राजबांध स्थित महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम में हुई चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता बताई. पुलिस अब इन घटनाओं से जुड़े तथ्यों और बरामद सामान की जांच कर रही है.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने काले रंग की सुजुकी स्कूटी संख्या जेएच-01-एफटी-541, अमरॉन कंपनी की काली बैटरी, वीवो और ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन, सादे कागज में लिपटा करीब 15 ग्राम वजन का चांदी जैसा दिखने वाला ठोस धातु का टुकड़ा, लोहे का एक पाना, काले हत्थे वाला पेंचकस, स्टील का मुड़ा हुआ सब्बल और 2,570 रुपये नकद बरामद किए हैं.
पुलिस बरामद सामान की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इनमें से कौन-कौन सी वस्तुएं संबंधित चोरी की घटनाओं से जुड़ी हैं.
साजिद खान उर्फ मुन्ना खान पिता स्वर्गीय सुलेमान खान, वार्ड संख्या-08, कालूराम चौक के समीप, मस्जिद रोड, सरायकेला
जाफर अंसारी उर्फ गब्बर अंसारी उर्फ बब्बर अंसारी उर्फ बब्लू पिता स्वर्गीय रहमत अंसारी, वार्ड संख्या-08, गैरेज चौक, सरायकेला.
पुलिस के अनुसार, साजिद खान उर्फ मुन्ना खान के विरुद्ध सरायकेला थाना में पहले भी मामले दर्ज हैं. इनमें वर्ष 2018 का कांड संख्या 04/18 तथा 30 अगस्त 2026 का कांड संख्या 75/26 शामिल है.
वहीं, जाफर अंसारी उर्फ गब्बर अंसारी उर्फ बब्बर अंसारी उर्फ बब्लू के विरुद्ध सरायकेला थाना में वर्ष 2009 के शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामले के अलावा आरआईटी थाना, रांची के लोअर बाजार थाना और लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना में भी मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. इनमें चोरी, शस्त्र अधिनियम, मारपीट तथा गोवंशीय पशुओं से संबंधित कानूनों के तहत दर्ज मामले शामिल हैं.
सरायकेला थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में अंचल निरीक्षक राजेश टुडू ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से दोनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और समय पर कार्रवाई करने से चोरी की घटनाओं के खुलासे में मदद मिली.
उन्होंने सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनकी त्वरित कार्रवाई और पुलिस टीम के समन्वित प्रयास से मामले का उद्भेदन संभव हुआ. पुलिस क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है.
इस कार्रवाई में सरायकेला अंचल निरीक्षक राजेश टुडू, थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विनोद टुडू, सौरभ कुमार आहूजा, सुभाष चंद्र शर्मा, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार, अमर कुमार मंडल, अमरेंद्र गौतम तथा आरक्षी अखिलेश प्रसाद, बॉबी कुमार झा, आशीष कुमार पोद्दार, मनोजित कुमार हेम्ब्रम, कुंदन तिवारी और चौकीदार साधो सोय की भूमिका रही.
सरायकेला पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं के खुलासे को लेकर उम्मीद बढ़ी है. पुलिस बरामद सामान और आरोपियों के बयानों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

