चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिन्तुगाड़ा गांव में बुधवार अहले सुबह 35 वर्षीय सलमी सिंकू की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हत्या का आरोप उसके पति मंगल सिंकू पर लगा है. आरोप है कि महिला के सिर पर गैता से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.


घटनास्थल जगन्नाथपुर थाना से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने भी घटना की जानकारी ली.
सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही वारदात
ग्रामीणों के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब चार बजे की है. बताया जा रहा है कि मृतका का बुजुर्ग ससुर शौच के लिए घर से बाहर निकला था. इसी दौरान घर का दरवाजा बंद कर दिया गया. इसके बाद घर में सो रही सलमी सिंकू के सिर पर गैता से कई वार किए जाने की बात सामने आई है.
घटनास्थल के आसपास गिने-चुने घर होने के कारण ग्रामीणों को तत्काल वारदात की जानकारी नहीं मिल सकी. घटना के समय महिला के बच्चे भी घर पर मौजूद नहीं बताए जा रहे हैं.
तीन दिन पहले घर से चला गया था मंगल
ग्रामीणों के मुताबिक मंगल सिंकू करीब तीन दिन पहले घर से कहीं चला गया था. परिजन तलाश करते हुए पाताहातु पहुंचे और सोमवार को उसे वापस घर लेकर आए थे. ग्रामीणों का दावा है कि पिछले कुछ दिनों से उसके व्यवहार में बदलाव दिखाई दे रहा था. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बताया जा रहा है कि पूछताछ में आरोपी हत्या करने से इनकार कर रहा है. ऐसे में पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, कथित हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य परिस्थितियों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.
पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात किन परिस्थितियों में हुई.

