जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह में सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक कार और एलपीटी ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार तीन युवक बाल- बाल बच गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोगों को आशंका हुई कि कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए होंगे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को भी चोट नहीं आई. हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
घटना के बाद कार सवार युवकों ने भाग रहे ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और मौके पर हंगामा शुरू कर दिया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया.
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि कार में सवार तीनों युवक नाबालिग हैं, जिसे देखते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है. समय रहते बड़ा हादसा टल गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली.

