सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने शुक्रवार को ईचागढ़ एवं तिरुलडीह थाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने तिरुलडीह थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों और थाना परिसर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की. इसके बाद कुकड़ू पहुंचकर वर्ष 2016 में निर्मित लेकिन अब तक उपयोग में नहीं लाए गए थाना भवन का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली.


निरीक्षण के दौरान एसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो.

एसपी ने पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की अभद्रता या अनावश्यक कठोरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे.


