जमशेदपुर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को लेकर जमशेदपुर में प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. जिले में कुल 93 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 40 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे.


परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है. परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ निगरानी के लिए CCTV कैमरों की व्यवस्था की जा रही है. सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं.
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शहर पहुंचने को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो और प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति नहीं बने, इसके लिए परीक्षा के दिन नो-एंट्री व्यवस्था में बदलाव किया गया है.
परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग अलर्ट मोड में हैं. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा से लेकर यातायात और निगरानी व्यवस्था तक पर विशेष नजर रखी जाएगी.

