गम्हरिया: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को गम्हरिया में युवाओं (झामुमो)के नेतृत्व में विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ रैली में हिस्सा लिया. बाइक रैली घोड़ा बाबा चौक से प्रारंभ होकर आकाशवाणी चौक तक पहुंची. रैली के दौरान युवाओं ने देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया. युवाओं की भागीदारी से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला.


रैली के आकाशवाणी चौक पहुंचने पर देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए. इस दौरान उपस्थित युवाओं ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता के बल पर देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया था. उनके प्रयासों के कारण ही भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार मिला.

इस अवसर पर झामुमो के युवा नेता अभय झा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक विशेष दिन मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह हम सभी को देश की एकता और अखंडता के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है. सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. आज के समय में समाज के प्रत्येक वर्ग और युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर देश की एकता, सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं.
वहीं झामुमो के युवा नेता राजेश मंडल ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में एकता है. अलग-अलग भाषा, संस्कृति, परंपरा और विचारधारा होने के बावजूद हम सभी भारतीय हैं. ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के महापुरुषों के संघर्ष, योगदान और विचारों से परिचित कराने का अवसर मिलता है. साथ ही युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति समर्पण की भावना भी मजबूत होती है.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता अभय झा, युवा नेता राजेश मंडल, युवा नेता अमित कुमार सिन्हा, विष्णु बावरी, आकाश दास, आकाश महतो, विकास चौधरी, दीपक यादव, साई राव, अमित कुमार, सुमित, जीत कुमार, मोहना सरदार, प्रकाश चालक, विशाल दास, प्रणव मुखर्जी, संजय सिंह, सुमित सिंह, गोलू कुमार, किट्टू दास, अमित कुमार, विक्की कुमार, सोहन कुमार, चंद्र कुमार, कंचन कुमार, निर्जा कुमार, तपन कुमार, सूर्या कुमार एवं राजता कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करना तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना रहा. बाइक रैली और प्रतिमा पर माल्यार्पण के माध्यम से युवाओं ने एकजुट होकर देश की प्रगति, शांति, सद्भाव और मजबूत राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

