चाईबासा: चक्रधरपुर के चर्चित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए साहेबगंज के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले का खुलासा एएसपी डॉ. सैयद मुस्तफा हासमी ने प्रेस वार्ता में किया.


पुलिस के अनुसार, दुकानदार आशीष पाड़िया के आवेदन पर 25 जुलाई 2026 को चक्रधरपुर थाना में कांड संख्या-84/2026 दर्ज किया गया था. शिकायत में लगभग 44.64 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, लैपटॉप एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी होने की बात कही गई थी.
जांच में सामने आया कि 23-24 जुलाई की रात अपराधियों ने दुकान के पीछे का वेंटिलेटर तोड़कर पेड़ के सहारे अंदर प्रवेश किया. इसके बाद सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर डीवीआर निकाल लिया और बड़ी संख्या में मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए.
पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना और साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरोह संगठित तरीके से काम करता था. एक टीम रेकी करती थी, दूसरी चोरी की वारदात को अंजाम देती थी और तीसरी टीम चोरी के सामान को ठिकाने लगाने का काम करती थी. पुलिस को आरोपियों के पास से चोरी के सामान का विवरण दर्ज एक दस्तावेज भी मिला है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में मुंबई, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी सोना-चांदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान की चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं. गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है.

