लोहरदगा: जिले के कैरो प्रखंड के गजनी पंचायत में शनिवार को पारंपरिक जतरा का भव्य आयोजन किया गया. जतरा में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव और विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव के पुत्र रोहित उरांव शामिल हुए. ग्रामीणों और आयोजन समिति ने ढोल-नगाड़ों एवं मांदर की थाप के साथ अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया.


गजनी पंचायत की मुखिया सुमन उरांव एवं ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित जतरा में पारंपरिक मेले का भी आयोजन हुआ. इसमें जगनी, चाल्हो, महुवारी, उल्टी और पचगाई समेत आसपास के कई गांवों के खोड़हा दलों ने हिस्सा लिया. पारंपरिक वेशभूषा में सजे आदिवासी नृत्य दलों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं.

जिप अध्यक्ष सुखदेव उरांव ने कहा कि जतरा-मेला आदिवासी संस्कृति और परंपरा की पहचान है. यह एकता और भाईचारे को मजबूत करने के साथ संस्कृति को जीवित रखने का माध्यम भी है.
रोहित उरांव ने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं. युवा पीढ़ी को आदिवासी परंपरा और संस्कृति के संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए. मौके पर मुखिया सुमन उरांव, देवनाथ उरांव, चंद्रदेव भगत, मनोज उरांव, कुलदीप साहू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

