रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा युवा मोर्चा पूरे राज्य में प्रदर्शन करेगा. इसके पहले राज्यभर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा.


अमर कुमार बाउरी ने कहा कि परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगें न्यायसंगत हैं और भाजपा उनके आंदोलन का समर्थन करती है. उन्होंने JPSC और JSSC की सभी विवादित परीक्षाओं की CBI जांच कराने की मांग की.
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली पर लगातार उठ रहे सवालों से युवाओं का भरोसा टूटा है. उन्होंने मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की. साथ ही कांग्रेस से भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने और युवाओं के पक्ष में होने पर राज्य सरकार से समर्थन वापस लेने की अपील की.

