सरायकेला: दीपावली की आतिशबाजी से लेकर छठ महापर्व के अर्घ्य तक, जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. पटाखों की अवैध और मनमानी बिक्री पर प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी, वहीं छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोर, निगरानी कैमरे और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे. त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात और आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है.


समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में दीपावली एवं छठ महापर्व की तैयारियों तथा विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में पटाखों की बिक्री केवल अस्थायी अनुज्ञप्ति प्राप्त विक्रेताओं को ही करने की अनुमति दी जाएगी. इसके लिए सुरक्षा मानकों के अनुरूप उपयुक्त स्थलों का चयन किया जाएगा. घरों के आसपास अथवा किसी भी अनधिकृत स्थान पर पटाखों की बिक्री की अनुमति नहीं होगी. सभी विक्रेताओं को प्रशासन द्वारा चिह्नित स्थलों पर ही दुकानें लगानी होंगी. नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखा बिक्री के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
संवेदनशील छठ घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिले के सभी प्रमुख घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच मार्गों की मरम्मत और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. अनुमंडल पदाधिकारियों एवं नगर आयुक्त को घाटों की तैयारियों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया.
विशेष रूप से उन घाटों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया, जहां पानी की गहराई अधिक है, पूर्व में दुर्घटनाएं हो चुकी हैं अथवा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ऐसे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे. साथ ही पर्याप्त सुरक्षा बल, प्रशिक्षित गोताखोर और निगरानी कैमरे तैनात किए जाएंगे. पुलिस अधिकारियों को भी संवेदनशील घाटों का नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
जाम और अतिक्रमण पर भी रहेगी प्रशासन की नजर
त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए शहरी क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों पर प्रवेश निषेध और रूट डायवर्जन की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया. छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों, मुख्य सड़कों और प्रमुख स्थानों पर अनधिकृत दुकानों के संचालन तथा अतिक्रमण पर भी प्रशासन की नजर रहेगी. अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने कहा कि मुख्य सड़कों और सर्विस रोड पर अनावश्यक रूप से दुकानों का संचालन नहीं होना चाहिए. नगर निकाय क्षेत्रों में यातायात पुलिस को नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख एवं संवेदनशील छठ घाटों का निरीक्षण करने और यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने को कहा.
चौबीस घंटे अलर्ट रहेंगे स्वास्थ्य और आपातकालीन विभाग
बैठक में स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं की भी समीक्षा की गई. सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों और चिकित्सा दल को चौबीसों घंटे सतर्क रहने का निर्देश दिया गया. एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखने को कहा गया, ताकि दुर्घटना या अन्य किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके.
उपायुक्त ने जिले के सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित और सुरक्षा व्यवस्था से सुसज्जित घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें. केवल नजदीक या सुविधाजनक होने के कारण किसी अन्य नदी, तालाब अथवा जलाशय में अर्घ्य देने न जाएं, जहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं है. उन्होंने विशेष रूप से अधिक गहराई वाले और दुर्घटना संभावित स्थानों से दूर रहने की अपील की.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, आदित्यपुर नगर आयुक्त एजाज अनवर, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
अंत में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने जिलेवासियों को दीपावली एवं छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं. उन्होंने दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों की खुशियां बनाए रखने के लिए आम नागरिक प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

