सरायकेला/ Pramod Singh आगामी रामनवमी को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. बुधवार को सरायकेला थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जुलूस के रूट और विधि- व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की.

बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रामनवमी जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जुलूस केवल निर्धारित रूट से ही निकलेगा और समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करने के निर्देश दिए. साथ ही किसी भी अफवाह या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल (QRT) को अलर्ट रहने को कहा गया.

एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि रामनवमी आस्था और उल्लास का पर्व है, लेकिन शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और हर हाल में कानून व्यवस्था कायम रखी जाएगी.
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान डीजे, लाउडस्पीकर समेत सभी गतिविधियों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए.

थाना प्रभारी विनय कुमार ने एसपी को आश्वस्त किया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगा. प्रशासन ने आम लोगों से शांति और सौहार्द के साथ रामनवमी मनाने की अपील की है.

