सरायकेला: जिले की प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाई रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड (RKFL) ने रेलवे निर्माण क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपने प्लांट-7 से वंदे भारत स्लीपर कोच परियोजना के लिए प्रथम पूर्ण रूप से असेंबल्ड LHB बोगी फ्रेम का सफलतापूर्वक डिस्पैच किया.

इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL), झांसी के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही.
कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक रिजवान सिद्दीकी एवं एजीएम/एलएमई गिरीश राज अपनी टीम के साथ मौजूद रहे. आरकेएफएल की ओर से कार्यकारी निदेशक मिलेश गांधी, समूह के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी भूपेंद्र लोढ़ी, प्लांट-7 प्रमुख रजत बिस्वास तथा प्लांट मानव संसाधन प्रमुख रवि शंकर राजहंस सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.
डिस्पैच किया गया LHB बोगी फ्रेम अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है, जिसमें व्हील्स, सस्पेंशन सिस्टम, डिस्क ब्रेक सहित सभी महत्वपूर्ण फिटमेंट्स लगाए गए हैं. यह उपलब्धि आरकेएफएल प्लांट-7 की मजबूत उत्पादन क्षमता, तकनीकी दक्षता और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्लांट-7 की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की. यह सफलता भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण तथा “मेक इन इंडिया” अभियान को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है. अंत में परियोजना से जुड़े सभी कर्मचारियों एवं सहयोगियों को उनके योगदान और मेहनत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं.
Report By Bipin Varshney

