आदित्यपुर: दीपावली की खरीदारी के लिए रविवार को आदित्यपुर थाना रोड में उमड़ी भारी भीड़ के बीच मोबाइल गायब होने की लगातार शिकायतों के बाद पुलिस एक्शन में आ गई. सुबह करीब 10 बजे से ही थाना रोड बाजार क्षेत्र में खरीदारी करने पहुंचे करीब दर्जन भर लोगों के मोबाइल गायब होने की शिकायत सामने आई. यह आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है. इसके बाद पुलिस ने बाजार में निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध अवस्था में घूम रहे करीब दर्जन भर बच्चों को कस्टडी में लेकर थाना लाया.


बताया जा रहा है कि मोबाइल गायब होने की शुरुआती घटनाएं उस वक्त सामने आईं, जब थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे. थाना पहुंचते ही उन्हें लगातार मोबाइल गायब होने की शिकायतों की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की जमकर क्लास लगाई.
खुद OD की कमान संभाली, अधिकारियों को बाजार में उतारा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने खुद OD ऑफिसर की जिम्मेदारी संभाली और थाने में मौजूद अन्य अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को बाजार में सुरक्षा और निगरानी के लिए भेज दिया.
उन्होंने पुलिसकर्मियों को माइकिंग के जरिए लोगों को सतर्क करने का निर्देश दिया. बाजार में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहे बच्चों और अन्य लोगों का सत्यापन करने को भी कहा गया.
दर्जन भर बच्चों को लाया गया थाना
पुलिस ने अभियान के दौरान बाजार में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे करीब दर्जन भर बच्चों को कस्टडी में लेकर थाना लाया गया. वहां उनकी पहचान और पारिवारिक विवरण का सत्यापन किया गया. इसके बाद बच्चों के परिजनों को थाना बुलाया गया. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और PR बॉन्ड भरवाने के बाद दोपहर में सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
हालांकि पुलिस जांच में इन बच्चों का मोबाइल गायब होने की घटनाओं से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया. इसलिए उन्हें मोबाइल चोरी की घटनाओं का आरोपी नहीं माना जा सकता. ये सभी बच्चे बाजार में घूमते पाए गए और उनकी गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हुई थी.
आकाशवाणी चौक और लाल बिल्डिंग से भी पहुंची शिकायत
पुलिस की सख्ती और बाजार में निगरानी बढ़ाए जाने के बाद आकाशवाणी चौक और लाल बिल्डिंग क्षेत्र से भी मोबाइल गायब होने की शिकायतें सामने आईं. दोनों इलाकों से पीड़ित आदित्यपुर थाना पहुंचे और मोबाइल गुमशुदगी से संबंधित आवेदन दिया. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि बाजार आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है. उन्होंने दीपावली की भीड़ में लोगों से अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान को लेकर विशेष सावधानी बरतने तथा बच्चों पर भी नजर रखने की अपील की है. दीपावली को लेकर आदित्यपुर थाना रोड और आसपास के बाजारों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी. ऐसे में पुलिस ने माइकिंग, पैदल गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी बढ़ा दी है. पुलिस के सामने अब गुम हुए मोबाइल को ढूंढना बड़ी चुनौती होगी.

