कांड्रा: श्री श्री काली पूजा कमिटी कांड्रा बाजार की ओर से आयोजित काली पूजा महोत्सव का शुभारंभ रविवार शाम को पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन के पुत्र बबलू सोरेन ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर उन्होंने मां काली के चरणों में शीश नमन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बबलू सोरेन ने कहा कि मां काली की पूजा-अर्चना हमारी आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का प्रतीक है. ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं. त्योहार हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का भी माध्यम हैं. उन्होंने पूजा कमिटी के सभी सदस्यों एवं श्रद्धालुओं को काली पूजा की शुभकामनाएं देते हुए मां काली से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की.

इस दौरान जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, मुखिया शंकरी सिंह एवं राम महतो विशेष रूप से उपस्थित रहे. कमिटी की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
मौके पर कमिटी अध्यक्ष बप्पा पात्रो, उपाध्यक्ष विपिन वार्ष्णेय, मनीष प्रसाद एवं रंजीत सेन, सचिव बीरू घटवारी, गिरीश वार्ष्णेय, अमरदीप नंदी, रंजीत मोदक, मनोज प्रसाद एवं सुनील ठाकुर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. काली पूजा महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

